oplus_136314880

बंदरों के आतंक का शिकार बनी चौथी कक्षा की छात्रा, सिर में काटकर किया लहूलुहान

 

* ट्यूशन जा रही मासूम पर बंदरों का खूनी हमला, सिर में काटा… खून से लथपथ हुई छात्रा, गांव में दहशत

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में आवारा बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को ट्यूशन पढ़ने जा रही चौथी कक्षा की मासूम छात्रा सबा पर बंदरों के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया। बंदरों ने छात्रा के सिर में काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गई। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह बंदरों को भगाकर उसकी जान बचाई।

घायल छात्रा के पिता फुरकान ने बताया कि उनकी बेटी रोजाना की तरह ट्यूशन के लिए निकली थी। रास्ते में अचानक बंदरों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घायल बच्ची को तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया और संक्रमण से बचाव के लिए एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई।

चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि समय पर उपचार मिलने से छात्रा की हालत अब सामान्य है। आवश्यक उपचार और एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाने के बाद उसे घर भेज दिया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को बंदर या कोई अन्य जानवर काट ले तो बिना देरी किए तुरंत अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं।

घटना के बाद गांव गंगेरू में बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर ग्रामीणों में भारी दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन बंदरों के हमलों से बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग खतरे में हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा बंदरों को पकड़वाकर गांव को इस आतंक से राहत दिलाई जाए।

error: Content is protected !!