
सरकारी दफ्तर बना चोरों का निशाना, ताले तोड़कर उड़ाईं 19 कुर्सियां
* रात के अंधेरे में सिंचाई विभाग पर धावा! ताले तोड़कर 19 कुर्सियां ले उड़े चोर, ‘कुर्सी कांड’ से मचा हड़कंप, पुलिस को भी खटक रही वारदात
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला स्थित सिंचाई विभाग के कार्यालय में हुई चोरी की अनोखी वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। अज्ञात चोर रात के अंधेरे में कार्यालय का मुख्य ताला तोड़कर अंदर घुसे और एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 19 कुर्सियां लेकर फरार हो गए। सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो टूटा हुआ ताला, बिखरा सामान और खाली पड़ी कुर्सियों की जगह देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने भी प्रथम दृष्टया पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार सिंचाई विभाग के पेट्रोल सुधीर कुमार रोज की तरह सुबह कार्यालय पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर कार्यालय का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और करीब 19 कुर्सियां गायब थीं। चोरी गई कुर्सियों की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी संख्या में कुर्सियां एक साथ चोरी होने से हर कोई हैरान है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कांधला पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में कुर्सियां किस वाहन से ले जाई गईं और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।
प्रथम दृष्टया पुलिस इस घटना को सामान्य चोरी मानने के बजाय संदिग्ध मान रही है। पुलिस का मानना है कि इतनी संख्या में कुर्सियां चोरी करना किसी एक व्यक्ति का काम नहीं हो सकता। ऐसे में वारदात के पीछे किसी सुनियोजित साजिश या अन्य कारण की भी जांच की जा रही है। पुलिस विभाग के कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
‘कुर्सी कांड’ बना पूरे इलाके में चर्चा का विषय
सिंचाई विभाग से 19 कुर्सियों की चोरी अब पूरे कांधला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर चोरों ने नकदी या कीमती सामान छोड़कर सिर्फ कुर्सियों को ही क्यों निशाना बनाया? इतनी बड़ी संख्या में कुर्सियां बिना किसी की नजर में आए कैसे बाहर निकाली गईं? क्या यह सिर्फ चोरी है या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है? इन तमाम सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल इस अनोखी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।