
कार्यालय में निकला जहरीला काला नाग, मची भगदड़; टाला बड़ा हादसा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।भभीसा स्थित खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय सोमवार को उस समय दहशत में बदल गया, जब कार्यालय परिसर में अचानक एक जहरीला काला नाग निकल आया। फन फैलाए नाग को देखते ही कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ कर्मचारी जान बचाने के लिए बाहर भागे, जबकि अन्य ने खुद को कमरों में सुरक्षित कर लिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कार्यालय में तैनात अंकित कुमार ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य जोगिंदर ने बिना किसी जोखिम के सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर काले नाग को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे एक प्लास्टिक कंटेनर में बंद कर दिया। बाद में उसे जंगल क्षेत्र में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
अंकित कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले भी कार्यालय परिसर में एक अन्य सांप दिखाई दिया था। लगातार हो रही बारिश के कारण बिलों में पानी भरने से जहरीले सांप आबादी और सरकारी दफ्तरों की ओर निकल रहे हैं। इससे कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है।
समय रहते वन विभाग की टीम के पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी भी कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं हुआ। रेस्क्यू के बाद कार्यालय में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की तत्परता की सराहना की। साथ ही लोगों से अपील की गई कि बारिश के मौसम में यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें।