वांछित आरोपी की गिरफ्तारी से गंगेरू कांड में पुलिस को मिली बड़ी सफलता

 

* जानलेवा हमले के मामले में एक और वांछित आरोपी गिरफ्तार, अब तक 9 आरोपी सलाखों के पीछे

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना कांधला पुलिस ने गंगेरू गांव में हुए चर्चित जानलेवा हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब तक इस प्रकरण में कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को गांव गंगेरू में दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला किया, जिसके बाद थाना कांधला में दोनों पक्षों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। इससे पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इसी क्रम में 27 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कांधला पुलिस ने फरार चल रहे वांछित आरोपी दिलावर पुत्र इश्तिकार निवासी ग्राम गंगेरू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैराना के निकट पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस गिरफ्तारी अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल रविन्द्र तथा कांस्टेबल सुशील बुटार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

error: Content is protected !!