पलक झपकते पलटी जिंदगी, तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार ने एक और बड़ा हादसा करा दिया। गांव जसाला स्थित रॉयल प्लेक्स के निकट तेज गति से दौड़ रही बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

हादसे में गांव रसूलपुर निवासी गौरव पुत्र प्रेम सिंह तथा गांव बलवा निवासी राहुल उर्फ रोमी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़े दर्द से कराहते रहे। राहगीरों ने बिना देर किए निजी एंबुलेंस बुलाकर दोनों को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

बताया जाता है कि दोनों युवक बाइक से कांधला से अपने गांव रसूलपुर लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव जसाला स्थित रॉयल प्लेक्स के पास पहुंचे, बाइक अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

कांधला सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बाइक का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!