
घर से निकली और फिर नहीं लौटी तालाब ने छीन ली जिंदगी
* मानसिक बीमारी बनी काल! दो घंटे की तलाश के बाद तालाब में तैरता मिला शव, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू के मोहल्ला तेलियां में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। करीब 60 वर्षीय खातून की तालाब में डूबने से मौत हो गई। महिला के शव के तालाब में मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
परिजनों ने बताया कि मृतका पिछले करीब आठ महीनों से मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज चल रहा था। मानसिक स्थिति ठीक न रहने के कारण वह अक्सर बिना बताए घर से निकल जाती थीं। शनिवार को भी वह अचानक घर से लापता हो गईं, जिसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास हर जगह उनकी तलाश शुरू कर दी।
करीब दो घंटे की तलाश के बाद घर के पास स्थित तालाब में महिला का शव तैरता हुआ मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
मृतका अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई हैं। बेटी का विवाह पहले ही हो चुका है, जबकि बेटा अविवाहित है। मृतका के पति याकूब राजमिस्त्री का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
बाद में परिजनों ने महिला को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम नजर आई।