
बाइक खड़ी करने के विवाद में बरसीं बेल्ट और लोहे की रॉड, एक की हालत गंभीर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे में घर के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। आरोप है कि दबंगों ने बेल्ट और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। एक घायल की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।
घायल आबिद उर्फ बबल पुत्र अब्बास ने बताया कि कुछ लोगों ने उनके मकान के सामने बाइक खड़ी कर दी थी। बाइक हटाने की बात कहने पर आरोपी उग्र हो गए। पहले दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई और फिर आरोपियों ने बेल्ट व लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। इस हमले में आबिद उर्फ बबल और डॉक्टर साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। एक युवक की हालत चिंताजनक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कांधला थाने में तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद मोहल्ले में तनाव का माहौल बना रहा और पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाने में लगी रही।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।