
सड़क बनी तालाब, गंदे पानी में गुजरने को मजबूर लोग
* सलेमपुर मार्ग की हमजा कॉलोनी में जलभराव से जनजीवन बेहाल, ग्रामीणों में आक्रोश
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के सलेमपुर मार्ग स्थित शिवाला मार्ग की हमजा कॉलोनी में जल निकासी व्यवस्था ठप होने से स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है। लंबे समय से सड़क पर जमा गंदा पानी अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। हालात यह हैं कि सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और राहगीरों को गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात का मौसम सिर पर है, लेकिन अब तक जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
सड़क पर भरे गंदे पानी में मच्छरों और जहरीले जीव-जंतुओं का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है और जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
शिवाला मार्ग निवासी मंजूरी ने बताया कि पिछले चार महीनों से सड़क पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। वहीं निवासी सुहैल के अनुसार करीब एक वर्ष से यह समस्या लगातार बनी हुई है और हल्की बारिश के बाद भी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता है।
जलभराव की समस्या को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने और सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम प्रधान चमन सिद्दीकी ने बताया कि उनके कार्यकाल में मार्ग निर्माण के लिए कई प्रयास किए गए थे, लेकिन तकनीकी व प्रशासनिक कारणों से प्रस्ताव स्वीकृत नहीं हो सका। इसी वजह से सड़क निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।