टूटी सड़क से मिली मुक्ति, 24 लाख की सौगात से चमकेगा इलाका

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। वर्षों से धूल, गड्ढों और जलभराव की मार झेल रहे क्षेत्रवासियों के लिए आखिरकार राहत की खबर आ गई है। नगर पालिका परिषद कांधला ने नन्हे की धर्मशाला से लेकर मनीष सैनी के मकान तक करीब 24 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। निर्माण कार्य शुरू होते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने इसे विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।

नगर पालिका अध्यक्ष नजमूल इस्लाम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधाएं सर्वोपरि हैं और विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में था। बरसात के दिनों में सड़क तालाब का रूप ले लेती थी, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार शिकायतें उठीं, मांगें हुईं, लेकिन अब जाकर समस्या के समाधान की ठोस शुरुआत हुई है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण शुरू होने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि आसपास के मकानों और दुकानों की स्थिति भी बेहतर होगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि यह कार्य तय समय में पूरा होगा और उन्हें वर्षों पुरानी परेशानी से स्थायी निजात मिलेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष नजमूल इस्लाम ने कहा कि नगर के हर वार्ड में विकास कार्यों की श्रृंखला जारी है। सड़क, नाली और जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार योजनाएं लागू की जा रही हैं ताकि कांधला को एक विकसित और सुव्यवस्थित नगर के रूप में स्थापित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!