
नोटिस को किया नजरअंदाज, आखिर गरज उठा पालिका का पीला पंजा
* नोटिस के बाद भी नहीं माने अतिक्रमणकारी प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। कस्बे के कैराना मार्ग पर नगर पालिका प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे और नाले के ऊपर किए गए पक्के व अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने प्रशासन की सख्ती को देखते हुए खुद ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी पूर्णिमा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कैराना मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत दिलाना था। अधिकारियों के अनुसार कुछ दुकानदारों ने नालों के ऊपर तक कब्जा कर लिया था, जिससे बरसात के दौरान जल निकासी बाधित हो रही थी और सड़क पर गंदा पानी भर जाता था। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को करीब तीन महीने पहले नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन जब किसी ने निर्देशों का पालन नहीं किया तो प्रशासन को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा। बुधवार को बुलडोजर के साथ पहुंची टीम ने एक-एक कर अवैध निर्माणों को हटाना शुरू कर दिया।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी पूर्णिमा, नायब तहसीलदार सतीश यादव और जेई अनिल कुमार सहित मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चलाया जाए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए और सभी के साथ समान व्यवहार किया जाए। यदि किसी ने सरकारी भूमि या नाले पर अवैध कब्जा किया है तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।
अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने कहा कि नगर के विकास, स्वच्छता और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्गों और नालों पर कब्जा करने से पूरे क्षेत्र की व्यवस्था प्रभावित होती है और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।
इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और कस्बे के अन्य मुख्य मार्गों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप है, जबकि आम नागरिकों ने अभियान का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया जरूरी कदम बताया है।