विकासखंड परिसर में सुनीं जनसमस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

 

 

* विकासखंड परिसर में लगा जनकल्याण शिविर, मौके पर सुनी गईं जनता की समस्याएं, कई शिकायतों का हुआ निस्तारण

 

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला।केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को कांधला विकासखंड परिसर में भव्य जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याएं अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) वीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा बीते 12 वर्षों में किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश के गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा और व्यापारी वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। आज करोड़ों लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त उपचार की सुविधा मिल रही है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को अपना पक्का घर मिला है। पीएम सूर्यघर योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाएं सीधे जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की डबल इंजन सरकार विकास को नई गति दे रही है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। महिलाएं पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं और व्यापारी वर्ग भी बिना किसी भय के अपना व्यापार कर रहा है। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य करा रही है और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जनकल्याण शिविर के दौरान नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने बिजली, राशन, पेंशन, आवास, सड़क, जलापूर्ति तथा अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि अन्य मामलों में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों से आवेदन प्राप्त किए गए।

इस अवसर पर उपयुक्त रितिका गुप्ता, परियोजना अधिकारी आरपी वर्मा, आपूर्ति निरीक्षक सौदान सिंह, खंड विकास अधिकारी वेद प्रकाश द्विवेदी, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) जयदेव कुमार, ग्राम प्रधान राजपाल सिंह, संदीप पवार, रणवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। जनकल्याण शिविर में लोगों की अच्छी-खासी भागीदारी देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!