काले पानी के दावों की खुली पोल, मौके पर साफ निकला टंकी का पानी

 

नगर पालिका टीम ने घर-घर पहुंचकर की जांच, टंकी से बहता मिला साफ पानी; अफवाहों से बचने की अपील

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। कस्बे के मोहल्ला खेल वार्ड संख्या-17 में दो दिन पूर्व कथित रूप से काले और दूषित पानी की आपूर्ति का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्रवासियों में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद कांधला ने तत्काल संज्ञान लिया और मंगलवार को अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजकर क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण कराया।

नगर पालिका टीम ने मोहल्ला खेल में पहुंचकर गुड्डू सिद्दीकी के मकान सहित कई घरों में नलों से निकल रहे पानी की जांच की। अधिकारियों ने स्वयं जलापूर्ति की स्थिति का निरीक्षण किया तथा स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर वस्तुस्थिति जानी। जांच के दौरान अधिकांश स्थानों पर पानी साफ, सामान्य एवं उपयोग योग्य पाया गया। टीम को कहीं भी काला या दूषित पानी नहीं मिला, जिससे वायरल वीडियो में किए गए दावों की मौके पर पुष्टि नहीं हो सकी।

पालिका अधिकारियों ने बताया कि शिकायत और वीडियो सामने आते ही जांच के निर्देश जारी कर दिए गए थे। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच एवं समाधान की प्रक्रिया अपनाई जाती है।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने भी वर्तमान में जलापूर्ति व्यवस्था को सामान्य बताया। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी जल गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाएगी और यदि कहीं कोई समस्या सामने आती है तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी सूचना, वीडियो या समाचार को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि अनावश्यक भ्रम और अफवाहों से बचा जा सके। साथ ही किसी भी समस्या की जानकारी सीधे पालिका प्रशासन को देने का आग्रह किया गया है।

नगर पालिका के निरीक्षण के बाद फिलहाल मोहल्ला खेल में जलापूर्ति व्यवस्था सामान्य पाई गई है, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों का कहना है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए परिषद निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!