FB_IMG_1781631757293

 

नगरायुक्त शिपू गिरि ने सीएम ग्रिड के तहत निर्माणाधीन दोनों परियोजना का किया निरीक्षण

सहारनपुर। नगरायुक्त शिपू गिरि ने आज सीएम ग्रिड फेज़-वन और फेज़-2 के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण व अन्य कार्यो का निरीक्षण किया। उन्होंने फेज़-वन के निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी तथा फेज-2 में सड़क निर्माण के लिए किये जा रहे कार्य पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सीएम ग्रिड की दोनों परियोजनाओं के ठेकेदारों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए।

नगरायुक्त शिपू गिरि ने निगम अधिकारियों के साथ दीवानी तिराहे से थाना सदर तक पैदल भ्रमण कर सीएम ग्रिड फेज-1 के तहत निर्मित की जा रही ग्रीन रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य अभियंता निर्माण सुरेन्द्र प्रसाद मिश्र को सड़क के चार सैम्पल लेने के निर्देश देते हुए कहा कि एक सैम्पल आईआईटी रुड़की व एक अन्य लैब को भेजकर निरीक्षण कराएं, जबकि एक ठेकेदार के पास और एक निगम के पास सुरक्षित रहेगा। उन्होंने डाली गयी सीवर लाइन को साफ कर मेन लाइन से सम्बद्ध करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में प्रयुक्त की जा रर्ही इंटों एवं अन्य सामग्री की गुणवत्ता को भी बारीकी से जांचा-परखा। परियोजना से जुडे़ निगम अधिकारियों ने नगरायुक्त को बताया कि जो सामग्री निर्माण कार्य में प्रयोग की जा रही है उसकी लैब से टेस्टिंग करायी गयी है।

अधिकारियों ने बताया कि उस रोड पर बीपीसीएल की लाइन जा रही है जिसके कारण बरसात के पानी की निकासी के लिए पाइप नहीं डाल पा रहे थे। नगरायुक्त ने बीपीसीएल को समन्वय बनाते हुए कार्य को पूरा कराने के निर्देश दिए। निगम अधिकारियों ने यह भी बताया कि अब हर रोज सुबह बिजली विभाग ने डेढ़-दो घंटे का शट डाउन देना शुरु कर दिया है जिससे बड़ी लाइन का कार्य प्रगति पर है। बिजली पोल शिफ्टिंग पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जल्दी ही यह कार्य पूरा करा दिया जायेगा।

इस पर नगरायुक्त ने ठेकेदार को 15-20 दिन का समय पोल लगाने का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदार को अतिसूक्ष्म समय में कार्य पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि वे सड़क पर पानी डलवाकर जल निकासी की स्थिति देखेंगे और बरसात के बाद ही सड़क को हैंडओवर लिया जायेगा। नगरायुक्त ने निगम अधिकारियों को थाना सदर तिराहे का सौंदर्यीकरण कराने और ग्रीन रोड पर ऐसी प्रजाति के पौधे लगाने के निर्देश दिए जिनसे सड़क खराब न हो और जो हर मौसम में हरे-भरे रहे।

नगरायुक्त ने फेज-2 के तहत निर्मित की जा रही ग्रीन रोड का आवास विकास पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को हर हफ्ते प्रगति रिपोर्ट देने तथा जहां कार्य हो रहा है उस क्षेत्र के अलावा अन्य क्षेत्र प्रभावित न हो यह सुनिश्चित करने को कहा। ठेकेदार ने नगरायुक्त को निर्देशानुसार कार्य स्थल पर बेरीकेटिंग लगाने तथा निर्माण कार्य के दौरान कोई शिकायत न मिलने का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि सीएम ग्रिड फेज़-वन के तहत कलक्ट्रेट तिराहे से हकीकत नगर आईएमए भवन व थाना सदर के सामने से होते हुए दीवनी तिराहे तक तथा फेज़-2 के तहत जैन डिग्री कॉलेज रोड पर अनुपम स्वीट्स से जैन कॉलेज-आवास विकास होते हुए दिल्ली रोड तक ग्रीन रोड का निर्माण कराया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, महाप्रबंधक निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, सहायक अभियंता मदन पाल, अवर अभियंता अनुज कुमार व अनूप कुमार के अलावा विद्युत विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!