बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड डंपरों का आतंक, हादसे के इंतजार में जिम्मेदार विभाग

 

* बिना नंबर प्लेट के मौत बनकर दौड़ रहे ओवरलोड डंपर, कब जागेगा प्रशासन?

*

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कांधला-कैराना मार्ग पर इन दिनों बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड रेत से भरे डंपर बेखौफ फर्राटा भर रहे हैं। नियम-कायदों को ठेंगा दिखाते ये भारी वाहन सड़क पर आम लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। हालात यह हैं कि राहगीर और दोपहिया वाहन चालक हर पल हादसे के साये में सफर करने को मजबूर हैं।

सोमवार को कांधला-कैराना रोड पर एक बिना नंबर प्लेट का रेत से लबालब भरा डंपर खतरनाक अंदाज में दौड़ता दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर कई बार सड़क की मध्य रेखा पार करता नजर आया, जिससे सामने से आने वाले वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे वाहनों पर लगाम नहीं लगाई गई तो किसी भी दिन बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बड़ी संख्या में रेत से भरे डंपर बिना नंबर प्लेट और बिना किसी स्पष्ट पहचान के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि दुर्घटना होने की स्थिति में ऐसे वाहनों और उनके मालिकों की पहचान करना बेहद मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही।

ग्रामीणों और वाहन चालकों में प्रशासन की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रदेश के कई जिलों में बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाए जा चुके हैं, लेकिन कांधला-कैराना मार्ग पर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

क्षेत्र के नागरिकों ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस अधिकारियों से तत्काल विशेष अभियान चलाकर ऐसे डंपरों को जब्त करने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!