* 28 जून से शुरू होगा सघन पल्स पोलियो अभियान, 128 बूथों पर बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। क्षेत्र में आगामी 28 जून से शुरू होने वाले सघन पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए सोमवार को कस्बे के सरकारी अस्पताल सभागार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों एवं अभियान से जुड़ी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 128 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां 104 स्वास्थ्य टीमें अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी।

उन्होंने कहा कि बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान से जुड़े कर्मचारियों को प्रशिक्षण के माध्यम से सभी आवश्यक जानकारियां दी गई हैं, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके।

डॉ. वीरेंद्र सिंह ने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें तथा अपने पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही पोलियो मुक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में ब्लॉक प्रबंधक तोहिद मिर्जा, चीफ फार्मासिस्ट सुधाकर, दीपक कुमार, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कर्मी तथा अभियान से जुड़े अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अभियान के दौरान अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं और पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!