नाबालिग बेटी के अपहरण मामले में कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने डीआईजी से लगाई गुहार

 

कांधला (शामली)। थाना कांधला क्षेत्र के गांव असरपुर जिडाना निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस पर नाबालिग पुत्री के अपहरण मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर मंडल से शिकायत कर न्याय की मांग की है।

गांव असरपुर जिडाना निवासी रामकिशन पुत्र प्रकाश ने डीआईजी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को गांव निवासी एक युवक 21 मई 2026 को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पीड़ित का आरोप है कि घटना के अगले दिन उसने थाना कांधला में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कई बार चक्कर लगाने के बावजूद पुलिस ने पुत्री की बरामदगी के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उच्च अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद थाना कांधला में 6 जून 2026 को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस द्वारा न तो आरोपी की गिरफ्तारी की गई और न ही नाबालिग की बरामदगी के लिए गंभीर प्रयास किए गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपी के घर जाकर पूछताछ तक नहीं की और उसे मामले की प्रगति से भी अवगत नहीं कराया जा रहा है।

पीड़ित का कहना है कि लगातार अनदेखी के कारण उसका परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है। उसने डीआईजी से मामले का संज्ञान लेकर नाबालिग की शीघ्र बरामदगी तथा आरोपी एवं उसके सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।

पीड़ित ने अपने शिकायती पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश को भी प्रेषित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!