छत पर सो रहे व्यक्ति पर फायरिंग का आरोप, बाल-बाल बचा

कांधला। क्षेत्र के गांव भारसी में देर रात एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही दो लोगों समेत एक अज्ञात व्यक्ति पर तमंचे से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। घटना में वह बाल-बाल बच गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

गांव भारसी निवासी ऋषिपाल पुत्र रामफल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 जून की रात करीब 11:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहा था। आरोप है कि इसी दौरान घर के बाहर से गाली-गलौज और शोर-शराबे की आवाजें आने लगीं। आवाज सुनकर जब वह छत के छज्जे पर पहुंचा तो वहां गांव निवासी दिनेश पुत्र वीरेंद्र, आशु पुत्र तेजवीर तथा उनके साथ एक अज्ञात व्यक्ति खड़े दिखाई दिए।

पीड़ित का आरोप है कि उसे देखते ही आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया। विरोध करने पर दिनेश ने हाथ में लिए तमंचे से उस पर फायर झोंक दिया। गोली उसके घर के मुख्य गेट पर जाकर लगी। अचानक हुई फायरिंग से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

ऋषिपाल का कहना है कि उसने समय रहते खुद को बचा लिया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले को लेकर पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!