चेयरमैन की पहल से मंडी को मिला शीतल जल

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। भीषण गर्मी के बीच कांधला की सब्जी मंडी और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान करते हुए नगर पालिका परिषद कांधला के चेयरमैन मोहतरम नजमुल इस्लाम ने क्षेत्र में पानी की सप्लाई सुनिश्चित कर 24 घंटे चालू रहने वाली ठंडे पानी की सबील (वाटर कूलर) का उद्घाटन किया।

सब्जी मंडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, किसान, मजदूर और राहगीर आते-जाते हैं। गर्मी के मौसम में पीने के पानी की कमी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। लोगों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए चेयरमैन नजमुल इस्लाम और उनके परिवार ने अपने निजी सहयोग से स्थायी व्यवस्था कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी है।

बताया गया कि यह जनकल्याणकारी कार्य चेयरमैन नजमुल इस्लाम द्वारा अपने मरहूम ससुर जनाब सैयद साजिद मियां साहब वल्द मरहूम मौलाना सैयद मोहम्मद मियां देवबंदी (रहमतुल्लाह अलैह) के ईसाल-ए-सवाब (सवाब-ए-जारिया) के उद्देश्य से अपने परिवार के सहयोग से कराया गया है। इस नेक पहल को लोगों ने खिदमत-ए-खल्क और समाज सेवा की बेहतरीन मिसाल बताया।

उद्घाटन के दौरान मौजूद व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने चेयरमैन नजमुल इस्लाम व उनके परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सबील गर्मी के दिनों में हजारों लोगों की प्यास बुझाने का माध्यम बनेगी। मंडी क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्य जारी रहेंगे।

क्षेत्र में स्थापित की गई यह ठंडे पानी की सबील अब चौबीसों घंटे लोगों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराएगी, जिससे मंडी क्षेत्र में आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। यह पहल न केवल सामाजिक सेवा का उदाहरण है बल्कि दिवंगत परिजनों के लिए सवाब-ए-जारिया का भी एक सराहनीय माध्यम बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!