
थाने से जनता और कार्यकर्ता दोनों परेशान” भाजपा नेता के आरोपों से बढ़ी हलचल
थाने की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, भाजपा नेता ने प्रभारी मंत्री से की शिकायत
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे की राजनीति में उस समय गर्मी बढ़ गई जब भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला मंत्री एवं अखिल भारतीय गुर्जर देव सेना के जिला अध्यक्ष हरिमोहन चौहान उर्फ मोनू प्रधान ने थाना कांधला की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रभारी मंत्री को शिकायत पत्र भेज दिया। शिकायत पत्र सामने आते ही पुलिस महकमे और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।भाजपा नेता ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशे के कारोबार पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने दावा किया कि इन गतिविधियों के चलते क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और युवाओं पर गलत असर पड़ रहा है।मोनू प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि थाना परिसर में कथित रूप से दलाल सक्रिय हैं और आम लोगों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि कई कार्यकर्ताओं ने थाने में व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है, जिसके बाद उन्होंने मामला सीधे प्रभारी मंत्री तक पहुंचाने का फैसला लिया शिकायत पत्र में थाना प्रभारी के कार्यकाल और वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात कुछ पुलिस कर्मियों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। भाजपा नेता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा आवश्यक विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के बाद कांधला में चर्चाओं का बाजार गर्म है। राजनीतिक जानकार इसे पुलिस और सत्ता पक्ष के बीच बढ़ती दूरी के संकेत के रूप में देख रहे हैं, जबकि आम लोगों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि शिकायत के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है।फिलहाल एक शिकायत पत्र ने कांधला की सियासत में हलचल जरूर पैदा कर दी है। अब देखना यह होगा कि आरोपों की जांच में क्या सामने आता है और प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है।हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।