
नशे की लत ने ली एक और जान, अवैध कारोबार पर उठे सवाल
* कैराना मार्ग पर मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। नगर के कैराना मार्ग स्थित शराब ठेके के निकट शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे युवक को मृत अवस्था में पड़े देखकर राहगीरों और आसपास के दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान जनपद बागपत के गांव ककड़ीपुर निवासी करीब 35 वर्षीय पवन के रूप में हुई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि पवन लंबे समय से नशे का आदी था और अक्सर कांधला कस्बे में ही रहता था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
नशे की गिरफ्त में युवा पीढ़ी, एक और जिंदगी हुई खत्म
घटना के बाद क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रचलन को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर और आसपास के क्षेत्रों में नशे का अवैध कारोबार लगातार पैर पसार रहा है, जिसकी चपेट में युवा वर्ग तेजी से आ रहा है। नशे की लत के कारण एक और व्यक्ति की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण यह धंधा लगातार फल-फूल रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसे और दर्दनाक हादसे सामने आ सकते हैं। वहीं कुछ स्थानीय सूत्रों का दावा है कि नशा कारोबारियों और कुछ प्रभावशाली तत्वों की सांठगांठ के चलते यह अवैध कारोबार बेखौफ जारी है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मौत बनी चेतावनी, कब रुकेगा नशे का जाल?
कैराना मार्ग पर मिले इस शव ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर क्षेत्र में बढ़ते नशे के जाल पर प्रभावी अंकुश कब लगेगा। एक परिवार का चिराग बुझ गया, लेकिन यह घटना समाज और प्रशासन दोनों के लिए गंभीर चेतावनी बनकर सामने आई है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं।