
बारिश ने दी राहत, जलभराव ने बढ़ाई आफत!नगरपालिका अध्यक्ष बोले जल्द मिलेगी राहत
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। देर रात आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत तो दी, लेकिन नगर में जलभराव की गंभीर समस्या खड़ी कर दी। बारिश के बाद नगर पालिका परिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कई प्रमुख मार्गों पर पानी भर जाने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुबह होते ही नगर के कई क्षेत्रों में सड़कें और गलियां जलमग्न नजर आईं। सबसे चौंकाने वाली तस्वीर नगर पालिका परिसर से सामने आई, जहां चारों ओर पानी भर जाने से पूरा परिसर किसी तालाब जैसा दिखाई दिया। लोगों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है।
स्थानीय निवासी अजय ने बताया कि देर रात अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ भारी बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन बारिश के बाद नगर पालिका परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आवागमन में दिक्कतें पैदा हो रही हैं।
नगरवासियों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नजर नहीं आता। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है ताकि बरसात के दिनों में जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने बताया कि नगर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नालों की नियमित सफाई कराई जा रही है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या को कम करने के लिए पालिका लगातार कार्य कर रही है और जहां पानी भरने की सूचना मिल रही है, वहां त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
*इन्होने कहा*
नगरपालिका अध्यक्ष नजमूल इस्लाम ने कहा “नगरवासियों को जलभराव से राहत दिलाना हमारी प्राथमिकता है। नालों की सफाई लगातार कराई जा रही है और जिन क्षेत्रों में पानी भरने की समस्या सामने आई है, वहां तत्काल जल निकासी के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।”