
दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर दूसरे दिन भी धरने पर डटे कर्मचारी
* दोषियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान, धरने पर डटे कर्मचारी
*
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला/एलम। एलम नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी प्रयास पवार के साथ कथित अभद्रता और मारपीट की घटना को लेकर कर्मचारियों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटना के विरोध में शुरू किया गया कार्य बहिष्कार और धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा, जिससे नगर पंचायत के कई कार्य प्रभावित होने लगे हैं। कर्मचारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और नगर पंचायत कर्मी एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सफाई कर्मचारी प्रयास पवार अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रहे थे, तभी उनके साथ मारपीट की गई। कर्मचारियों का आरोप है कि घटना के बाद भी दोषियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
धरने को संबोधित करते हुए कर्मचारियों ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं होती रहेंगी और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तो इससे कर्मचारियों का मनोबल टूटेगा और कार्य व्यवस्था प्रभावित होगी।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। कर्मचारियों ने साफ कहा कि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन के चलते नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होने की सूचना है। कर्मचारियों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
……….
*”न्याय नहीं तो काम नहीं” सफाई कर्मचारियों का ऐलान*
एलम नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट के विरोध में कर्मचारियों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता नजर आ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई तक उनका धरना और कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।