44 करोड़ 68 लाख रुपये के बजट से बदलेगी कांधला की तस्वीर!

 

* हाउस टैक्स में 50% तक छूट का प्रस्ताव, जलभराव से निजात और विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। नगर पालिका परिषद कांधला की वार्षिक बजट बैठक में विकास को लेकर बड़े फैसले लिए गए। नगर पालिका सभागार में आयोजित बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 44 करोड़ 68 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बजट पारित होने के साथ ही नगर में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों के पूरा होने की उम्मीदें भी तेज हो गई हैं।

बैठक के दौरान आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से हाउस टैक्स में 50 प्रतिशत तक छूट देने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिस पर नगरवासियों ने खुशी जताई है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।

बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए टूटी सड़कों, जलभराव, सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई, पेयजल आपूर्ति और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। कई सभासदों ने बरसात से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग रखी।

*”अब रुकेगा नहीं विकास” नजमुल इस्लाम*

नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते कई विकास कार्य प्रभावित हुए थे, लेकिन अब बजट पारित होने के बाद सभी रुके हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली जिम्मेदारी है।

अध्यक्ष ने कहा कि बरसात का मौसम सिर पर है और जलभराव की समस्या वर्षों से नगरवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। इस बार जलभराव के स्थायी समाधान के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी ताकि लोगों को बारिश के दौरान होने वाली दिक्कतों से राहत मिल सके।

*सड़क, सफाई और जल निकासी पर रहेगा विशेष फोकस*

बैठक में बताया गया कि पारित बजट के तहत नगर की प्रमुख और संपर्क सड़कों का निर्माण, नालों की सफाई, नई जल निकासी परियोजनाएं, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार तथा अन्य विकास योजनाओं पर तेजी से कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए भी विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी।

*सभासदों ने रखी जनता की आवाज*

बैठक में सभासद जावेद खान, अलका चौहान, जुनैद मुखिया, वकील अहमद, इस्माइल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर सुझाव रखे। इस दौरान गणमान्य नागरिकों और पालिका कर्मचारियों ने भी नगर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

*जनता की निगाहें अब वादों को धरातल पर उतरते देखने पर*

44 करोड़ 68 लाख रुपये के भारी-भरकम बजट के पारित होने के बाद अब नगरवासियों की निगाहें विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर टिक गई हैं। लोगों का कहना है कि यदि बजट के अनुरूप योजनाएं धरातल पर उतरीं तो आने वाले समय में कांधला की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!