छत पर टंकी बंद करने गई महिला पर बंदरों का हमला, गंभीर घायल

 

* रायजादगान में बंदरों का आतंक बरकरार, कई जगह से नोचकर किया लहूलुहान

*

सादिक सिद्दीकी

 

कांधला। नगर के मोहल्ला रायजादगान में बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को छत पर पानी की टंकी का नल बंद करने गई एक महिला पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला रायजादगान निवासी 50 वर्षीय सुमन पत्नी किशन अपने मकान की छत पर पानी की टंकी का नल बंद करने गई थीं। इसी दौरान वहां मौजूद बंदरों के झुंड ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। महिला ने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बंदरों ने शरीर के कई हिस्सों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बंदरों को भगाकर घायल महिला को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

कांधला अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. जितेश पुरुषोत्तम ने बताया कि महिला के शरीर पर बंदरों के हमले के कई गहरे निशान हैं। बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। नागरिकों का कहना है कि नगर में बंदरों और आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आए दिन लोग हमलों का शिकार हो रहे हैं। लोगों ने नगर प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

error: Content is protected !!