
आंख झपकी और मौत से सामना, चालक की किस्मत ने बचाई जान
* दिल्ली बस अड्डे के पास बड़ा हादसा टला, चालक बाल-बाल बचा, बिजली का पोल क्षतिग्रस्त
सादिक सिद्दीकी
कांधला। कस्बे के दिल्ली बस अड्डे के निकट बुधवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि वाहन का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि चालक सुरक्षित बच गया और कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त सड़क पर सामान्य यातायात चल रहा था। अचानक पिकअप वाहन लहराते हुए डिवाइडर पर चढ़ गया और सीधे बिजली के पोल से जा भिड़ा। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप चालक अंकित जनपद शामली के गांव कसरेवा का निवासी है। वह बागपत जिले के बड़ौत क्षेत्र से अपना वाहन लेकर घर लौट रहा था। चालक ने बताया कि पिछले दो दिनों से पर्याप्त नींद नहीं मिलने के कारण वाहन चलाते समय उसे झपकी आ गई। इसी दौरान उसका वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कांधला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से व्यवस्था जल्द सामान्य हो गई।
चालक सुरक्षित, जांच में जुटी पुलिस
कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि एक पिकअप वाहन डिवाइडर पर चढ़कर बिजली के पोल से टकरा गया था। चालक सुरक्षित है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर अधिक भीड़ होती तो यह हादसा किसी बड़े दुर्घटना में बदल सकता था। चालक की एक पल की झपकी ने न केवल वाहन को क्षतिग्रस्त किया बल्कि राहगीरों की जान भी खतरे में डाल दी।