
खेत में काम कर रहे युवक को सांप ने डसा, हालत बिगड़ने पर मचा हड़कंप
* समय रहते अस्पताल पहुंचाने से बची जान, उपचार के बाद युवक को मिली छुट्टी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कांधला क्षेत्र के गंगेरू मार्ग निवासी एक युवक उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब वह खेत पर दैनिक कार्य कर रहा था। खेत में काम के दौरान अचानक जहरीले सांप ने युवक को काट लिया, जिससे उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। घटना के बाद युवक बुरी तरह घबरा गया और बिना समय गंवाए तुरंत घर की ओर दौड़ पड़ा।
जानकारी के अनुसार गंगेरू मार्ग निवासी सुमित का पुत्र वंश रोजाना की तरह खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक खेत में छिपे सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटते ही युवक को चक्कर आने लगे और शरीर में घबराहट बढ़ गई। किसी तरह युवक घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
जैसे ही परिजनों को सांप के काटने की सूचना मिली, परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने बिना देर किए युवक को आनन-फानन में कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू कर दिया। अस्पताल में मौजूद डॉ. वीरेंद्र सिंह ने युवक का प्राथमिक उपचार किया और उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी।
डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण युवक की हालत में तेजी से सुधार हुआ। कुछ समय तक निगरानी में रखने के बाद जब युवक की स्थिति सामान्य पाई गई तो उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। युवक के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी और बारिश के मौसम में खेतों में सांप निकलने की घटनाएं लगातार बढ़ जाती हैं। खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी खेतों और ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से लोगों को बचाया जा सके।फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह पूरी तरह सुरक्षित अपने घर पर है।