
खंद्रावली हत्याकांड: 25 हजार का इनामी मुख्य आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
कांधला।थाना क्षेत्र के गांव खंद्रावली में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार सक्रिय बनी हुई है। कई टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है, लेकिन देर शाम तक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर रहा।
गांव खंद्रावली निवासी 24 वर्षीय आशु पुत्र वीरेंद्र की बीते शुक्रवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में परिजनों और ग्रामीणों को घटना हादसा प्रतीत हुई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद मामला पूरी तरह हत्या में बदल गया।
हत्या की पुष्टि होते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। चौकी के बाहर जमकर हंगामा हुआ और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने पांच टीमों का गठन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर एक आरोपी आकाश निवासी मोहल्ला गडीरयान, थाना शाहपुर, जनपद मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए।
जांच के दौरान सामने आया कि हत्या का कारण प्रेम प्रसंग था, जिसने इस वारदात को अंजाम तक पहुंचाया। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी शंकर घटना के बाद से ही फरार चल रहा है।
पुलिस ने फरार आरोपी शंकर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। रविवार को पुलिस टीमों ने कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस हर पहलू पर नजर रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।