आवारा कुत्ते का हमला: 7 साल का मासूम गंभीर घायल, समय रहते बची जान

 

कांधला। कस्बे में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में एक आवारा कुत्ते ने सात वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मोहल्ला खेल निवासी अनीस का पुत्र हसन अपने घर के पास खेल रहा था। तभी अचानक एक आवारा कुत्ता उस पर झपट पड़ा और उसे बुरी तरह काट लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया।

घायल हसन को तुरंत कांधला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चे को समय पर एंटी-रेबीज का इंजेक्शन लगा दिया गया है और अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।

डॉ. सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में आवारा कुत्तों का व्यवहार अधिक आक्रामक हो जाता है, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि छोटे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और आवारा जानवरों की सूचना प्रशासन को दें।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों पर जल्द से जल्द नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

error: Content is protected !!