
जसाला हत्याकांड पर सियासत तेज, सपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से मिलकर दिया न्याय का भरोसा
कांधला। क्षेत्र के गांव जसाला में हुए मोनू कश्यप हत्याकांड ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, वहीं सियासी सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। शनिवार को समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन और कैराना विधायक नाहिद हसन ग्राम प्रधान शिवकुमार चौहान के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
नेताओं ने परिजनों से विस्तार से बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में वे पूरी तरह परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव मदद दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार स्तर पर आर्थिक सहायता दिलाने के लिए पूरा जोर लगाया जाएगा, ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके।
इस दौरान सांसद और विधायक ने साफ कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने निष्पक्ष और तेज जांच की मांग करते हुए संबंधित अधिकारियों से बात कर कार्रवाई में तेजी लाने का आश्वासन दिया। साथ ही पुलिस प्रशासन को निर्देशित करने की बात कही कि मामले की गहराई से जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
गांव के लोगों ने भी घटना को लेकर भारी आक्रोश जताया और जनप्रतिनिधियों के सामने न्याय की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इस पर दोनों नेताओं ने भरोसा दिलाया कि वे हर स्तर पर आवाज उठाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का काम करेंगे।
इस मौके पर विक्रम, महेंद्र, सागर, बंटी, संसर पाल, कार्तिक, अंकित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।