
गंगेरू में गंदगी का कहर: सड़क किनारे कूड़े के ढेर से लोग परेशान
* गंगेरू पंचायत में गंदगी का साम्राज्य! सड़क किनारे कूड़े के ढेर से उठी बदबू, लोग बेहाल
सादिक सिद्दीक़ी .
कांधला क्षेत्र की गंगेरू न्याय पंचायत में इन दिनों गंदगी ने अपना डेरा जमा लिया है। मार्ग किनारे और सार्वजनिक शौचालय के सामने कूड़े का अंबार लगा हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने बदतर हैं कि आसपास के दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित होने लगा है।
गंदगी से उठ रही तेज दुर्गंध ने पूरे इलाके का माहौल खराब कर दिया है। इतना ही नहीं, सरकारी हैंडपंप के पास भी कूड़ा जमा होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। स्थानीय निवासी सैयद मोहम्मद आलम का कहना है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के स्वच्छता संदेशों के बावजूद गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आ रही है। उन्होंने ग्राम स्तर पर लापरवाही को इसका मुख्य कारण बताया।
राहगीर इकराम ने बताया कि कुछ लोग खुद ही कूड़ा इकट्ठा कर नालियों में डाल देते हैं, जिससे गंदगी और बढ़ जाती है। हालांकि ग्राम प्रधान द्वारा समय-समय पर सफाई कराई जाती है, लेकिन लोगों की लापरवाही से हालात फिर जस के तस हो जाते हैं।
स्थानीय निवासी मोहम्मद शाहिद ने सुझाव दिया कि इस स्थान पर चेतावनी बोर्ड लगाया जाए, ताकि लोग कूड़ा डालने से बचें और क्षेत्र को स्वच्छ रखा जा सके।
वहीं, ग्राम प्रधान पति रशीद जंग ने सफाई व्यवस्था नियमित होने का दावा किया है। उन्होंने माना कि कुछ लोग नियमों का पालन नहीं करते और सड़क किनारे कूड़ा फेंक देते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।