
हाईवे पर ‘एक्सीडेंट’ का ड्रामा, पोस्टमार्टम में निकली हत्या की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उड़ाए होश, हादसा नहीं हत्या निकली
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव खंद्रावली के पास हुई युवक की संदिग्ध मौत ने शनिवार को बड़ा खुलासा कर दिया। जिस घटना को पहले सड़क हादसा बताया जा रहा था, वह दरअसल एक सुनियोजित हत्या निकली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के सिर में गोली लगने की पुष्टि होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
गांव खंद्रावली निवासी 24 वर्षीय आशु पुत्र रविंदर, जो शामली के एक निजी अस्पताल में कार्यरत था, शुक्रवार शाम ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के पास चौकी से कुछ दूरी पर पहुंचा, पहले से घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने युवक को सड़क हादसे का शिकार समझा। पुलिस ने भी शुरुआती जांच में इसे एक्सीडेंट मानते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लेकिन जैसे ही रिपोर्ट आई, सच्चाई सामने आ गई — यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सीधी हत्या थी।
शनिवार सुबह गुस्साए परिजन और सैकड़ों ग्रामीण एंबुलेंस में शव लेकर हाईवे स्थित चौकी के सामने पहुंच गए और जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और जाम लगाने की चेतावनी देने लगे। माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस-ग्रामीणों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, सीओ हेमंत कुमार और थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाया और जल्द से जल्द हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और हत्याकांड के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
इधर, गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
…
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक आशु पांच भाई-बहनों में शामिल था। उसकी एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा भाई पिंकू दिव्यांग बताया गया है। पिता रविंदर पीडब्ल्यूडी विभाग में कार्यरत हैं। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस की मौजूदगी में गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कराया गया।
—–
हर पहलू पर जांच में जुटी पुलिस
ग्रामीणों के अनुसार आशु का किसी से कोई विवाद या रंजिश नहीं थी। युवक का व्यवहार सामान्य और मिलनसार बताया जा रहा है। ऐसे में हत्या की वजह को लेकर कई तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करते हुए हत्याकांड के खुलासे में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मृतक के दोस्तों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है।
————