
चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश पड़ी भारी, फिसलकर यात्री गंभीर घायल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।कस्बे के रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक यात्री फिसलकर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्टेशन पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिद्वार से दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन स्टेशन पर कुछ देर के लिए रुकी हुई थी। इसी दौरान एक यात्री ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म पर सामान लेने चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही ट्रेन चलने लगी, यात्री ने जल्दबाजी में वापस ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन उसका पैर फिसल गया और वह सीधे ट्रेन की चपेट में आ गया।
घटना के तुरंत बाद स्टेशन कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार घायल व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। तलाशी के दौरान उसके पास से हरिद्वार से उदयपुर सिटी तक का रेलवे टिकट बरामद हुआ है। जीआरपी को सूचना देकर उसकी शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
सरकारी चिकित्सक डॉ. जितेश कुमार ने बताया कि घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और पहचान के लिए संबंधित एजेंसियों को सूचित कर दिया गया है।