मंडी इंस्पेक्टर से मारपीट पर ‘समझौता’, दोनों पक्षों ने दी शांति की गारंटी

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। कस्बे की नवीन सब्जी मंडी में वसूली के दौरान मंडी इंस्पेक्टर के साथ हुई मारपीट और अभद्रता का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। मामले ने जहां पहले तूल पकड़ लिया था, वहीं अब प्रशासन की सक्रियता के चलते दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया है। कैराना एसडीएम शिवाजी यादव की अध्यक्षता में हुई इस वार्ता में विवाद को आपसी सहमति से समाप्त कर दिया गया।

बताया जाता है कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे मंडी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार यादव मंडी परिषद सहारनपुर द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार व्यापारियों से शुल्क वसूली कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यापारी के यहां रसीद काटने को लेकर कहासुनी हो गई। मामूली बहस देखते ही देखते विवाद में बदल गई और हालात इतने बिगड़ गए कि मारपीट तक की नौबत आ गई।

आरोप था कि व्यापारी पक्ष ने अपने परिजनों के साथ मिलकर इंस्पेक्टर के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई थी और पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी इंस्पेक्टर ने थाना कांधला में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की थी। इस घटना ने प्रशासन को भी सक्रिय कर दिया और पूरे प्रकरण पर नजर रखी जाने लगी।

सोमवार को कैराना एसडीएम शिवाजी यादव की अध्यक्षता में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर वार्ता कराई गई। काफी देर चली बातचीत के बाद आखिरकार दोनों पक्ष आपसी सहमति पर पहुंचे और विवाद का निपटारा कर दिया गया। प्रशासन की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न होने देने का आश्वासन दिया।

हालांकि इस समझौते के बाद मामला फिलहाल शांत हो गया है, लेकिन घटना ने मंडी व्यवस्था और वसूली प्रक्रिया को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है।

थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल समझौते के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि प्रशासन ने मंडी क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!