
खेत में महिला से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध पर पति की पिटाई
* खेत में शर्मनाक हरकत का आरोप, विरोध पर पति की पिटाई गांव में मचा हड़कंप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला के साथ खेत में अश्लील हरकत और जबरदस्ती करने के प्रयास का मामला सामने आया। पीड़ित पति ने कस्बा निवासी युवक और उसके दो बेटों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार उसकी पत्नी खेत पर काम से गई थी, तभी वहां पहले से मौजूद एक युवक ने उससे अश्लील बातें शुरू कर दीं और अपने साथ चलने का दबाव बनाने लगा। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसे जबरन ईख के खेत में खींचने की कोशिश की और जबरदस्ती करने का प्रयास किया।
महिला के शोर मचाते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। घर पहुंचकर महिला ने आपबीती पति को बताई तो मामला और गरमा गया।
आरोप है कि जब पीड़ित पति शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचा तो आरोपी और उसके दो बेटों ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दे डाली।
घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।