परीक्षा केंद्र के बाहर युवक पर बंदर का हमला, गंभीर घायल

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। कस्बे में एक परीक्षा केंद्र के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक बंदर ने एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घटना सोमवार की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सहारनपुर जनपद के तीतरो थाना क्षेत्र के गांव ओला खेड़ी निवासी विकास पुत्र देशराज अपनी बहन को होमगार्ड पदों की परीक्षा दिलाने के लिए कांधला स्थित एक स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर आया था। युवक परीक्षा केंद्र के बाहर खड़ा था, तभी अचानक एक बंदर ने उस पर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से युवक संभल नहीं पाया और घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने डंडों की मदद से बंदर को वहां से भगाया और घायल युवक को तुरंत नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उसकी हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सक डॉ. जितेश कुमार ने बताया कि युवक को प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज का इंजेक्शन भी लगाया गया है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से आवारा बंदरों की बढ़ती समस्या पर रोक लगाने की मांग की है।

error: Content is protected !!