
मामूली विवाद बना हिंसा, पिता-पुत्र गंभीर घायल
* चबूतरे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, पिता-पुत्र पर धारदार हथियारों से हमलादोनों गंभीर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के इस्सोपुर टीला गांव में सोमवार को एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। चबूतरे को लेकर चल रहे पुराने झगड़े में पिता-पुत्र पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया।
बताया जाता है कि करीब एक सप्ताह पहले पड़ोसी द्वारा निर्माण कार्य के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंट ले जाते समय गांव निवासी आशिक अली के घर के बाहर बना चबूतरा क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत करा दिया गया था और चबूतरे को ठीक कराने का आश्वासन भी दिया गया था।
सोमवार को आशिक अली अपने पुत्र दाऊद के साथ पड़ोसी के घर चबूतरा ठीक कराने की बात करने पहुंचे थे। बताया गया कि बातचीत के दौरान ही विवाद फिर से भड़क गया और आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने अचानक हमला बोल दिया।
हमलावरों ने पिता-पुत्र पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों को बुरी तरह पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों को हमलावरों से छुड़ाया।
घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को तुरंत नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित आशिक अली ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिल गई है और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।