कोर्ट के स्टे को ठेंगा तालाब भूमि पर जारी अवैध खेल

 

तालाब पर टिकी माफियाओं की नजर, या बनेगा जनता का पार्क मचा बवाल..

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला के मोहल्ला मौलानान का 10.5 बीघा का तालाब इन दिनों सुर्खियों में नहीं, बल्कि साजिशों के घेरे में है। कागजों में नगर पालिका की जमीन लेकिन हकीकत में कब्जे, प्लॉटिंग और सौदों का खेल चल रहा है।

मुख्य वादी जुनेद अख्तर ने आरोप लगाया है कि भू-माफियाओं ने तालाब की जमीन पर कब्जा जमाकर चुपचाप प्लॉट काट डाले और उन्हें बेच भी दिया। जो तालाब कभी इलाके की प्यास बुझाता था, आज खुद अपने अस्तित्व के लिए जूझ रहा है और गंदगी व विवाद का अड्डा बनता जा रहा है।इस पूरे मामले में मुख्य वादी जुनेद अख्तर का कहना है कि वाद संख्या 326/14 में कोर्ट का स्टे ऑर्डर पहले से मौजूद है, जिसके बावजूद जमीन पर गतिविधियां जारी हैं। उन्होंने नगर पालिका परिषद से अपील की है कि तत्काल कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाए और जनहित में यहां पार्क का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में कोई दोबारा कब्जा न कर सके।

वाद में स्टे ऑर्डर होने के बावजूद जमीन पर हलचल जारी है। इससे साफ सवाल उठ रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में यह सब हो रहा है और क्यों कार्रवाई नहीं हो पा रही।अब जनता का गुस्सा खुलकर सामने आ रहा है। लोगों की साफ मांग है कि कब्जा हटाकर तालाब को बचाया जाए और यहां एक सुंदर पार्क बनाया जाए, ताकि इलाके को साफ-सुथरा वातावरण, बच्चों को खेलने की जगह और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक बेहतर स्थान मिल सके।

स्थानीय लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं कि अगर पार्क बन गया तो जहां हजारों लोगों के चेहरे खिलेंगे, वहीं कुछ ऐसे लोगों की बेचैनी बढ़ जाएगी, जिनकी नजर लंबे समय से इस जमीन पर जमी हुई है।

अब सबकी नजर नगर पालिका परिषद कांधला पर टिकी है क्या वह इस जमीन को कब्जा मुक्त कराकर जनहित में पार्क बनाएगी या फिर मामला यूं ही आरोप-प्रत्यारोप और कागजी कार्रवाई में उलझा रहेगा।

फिलहाल, मौलानान का यह तालाब सिर्फ एक जमीन नहीं, बल्कि प्रशासन, माफियाओं और जनता के बीच चल रही एक बड़ी जंग बन चुका है।

 

……..

 

नगरपालिका अध्यक्ष नजमूल इस्लाम का कहना है की

 

“तालाब के सौंदर्यकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। हमारा प्रयास है कि इस ऐतिहासिक तालाब को न सिर्फ स्वच्छ और सुंदर बनाया जाए, बल्कि इसे शहर के लोगों के लिए एक बेहतर पर्यटन और मनोरंजन स्थल के रूप में भी विकसित किया जाए। प्रस्ताव स्वीकृत होते ही कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा, ताकि आमजन को इसका लाभ मिल सके। हमारा लक्ष्य वाह फैली गंदगी को दूर कर निवासियों को एक स्वच्छ वातावरण देना है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!