27वीं शब पर अंसारियांन मस्जिद में ख़त्म-ए-शरीफ, इमाम को 51 हजार रुपये व स्प्लेंडर बाइक हदिया

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला कस्बे के मोहल्ला मौलानान स्थित अंसारियांन मस्जिद में रमज़ान के मुकद्दस महीने की 27वीं शब पर ख़त्म-ए-शरीफ का आयोजन किया गया। इस मौके पर मस्जिद में अकीदतमंदों की बड़ी संख्या मौजूद रही और पूरे माहौल में इबादत, अकीदत और रूहानियत की खास फिजा देखने को मिली।

ख़त्म-ए-शरीफ के इस मुबारक मौके पर अंसारियांन मस्जिद कमेटी की ओर से मस्जिद के इमाम साहब की दीन की खिदमत और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें 51 हजार रुपये नकद और एक स्प्लेंडर बाइक हदिया के तौर पर भेंट की गई। वहीं कुरआन सुनने वाले हाफिज को भी कमेटी की ओर से 15 हजार रुपये बतौर हदिया पेश किए गए।

मौके पर आयोजित रूहानी महफिल को खिताब करते हुए मौलाना अनवर कांधलवी ने कुरआन करीम की तालीम पर अमल करने की हिदायत दी और कहा कि रमज़ान का महीना इंसान को नेक रास्ते पर चलने और अपने अंदर अच्छाइयों को बढ़ाने का पैगाम देता है।

महफिल में कराई गई दुआ इतनी रूहानी और असरदार थी कि वहां मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे माहौल में अकीदत का भाव नजर आया।

अंसारियांन मस्जिद कमेटी की इस पहल की चारों ओर सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि दीन की खिदमत करने वालों का सम्मान करना समाज के लिए एक अच्छी मिसाल है और इससे आपसी भाईचारे और मोहब्बत को भी बढ़ावा मिलता है।

error: Content is protected !!