
चलती ट्रैक्टर-ट्रॉली से सड़क पर बिखरा पुराल, बड़ा हादसा टला
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पूर्वी यमुना नहर के पास रेलवे मार्ग पर चल रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से अचानक पुराल सड़क पर गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुराल से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली इस मार्ग से गुजर रही थी। अचानक ट्रॉली में रखा पुराल सड़क पर गिरकर बिखरने लगा। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे चल रहे अन्य वाहन चालकों ने स्थिति को भांपते हुए समय रहते ब्रेक लगा दिए, जिससे एक संभावित बड़े हादसे को टाला जा सका।
सड़क पर बड़ी मात्रा में पुराल फैल जाने के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि ट्रैक्टर चालक मुस्तकीम ने अपने एक साथी की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क पर गिरे पुराल को इकट्ठा कर दोबारा ट्रॉली में भर लिया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके से रवाना हो गई और मार्ग पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया।
बताया जा रहा है कि चालक मुस्तकीम पुराल को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर पानीपत ले जा रहा था। कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि चलती ट्रैक्टर-ट्रॉली से पुराल गिरने की सूचना मिली थी, लेकिन इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते वाहन चालकों की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया।