प्रियंका गैस एजेंसी पर नहीं है गैस की किल्लत, संचालक बोले अफवाहों पर न दें ध्यान

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला देश के कई हिस्सों में गैस एजेंसियों पर भीड़ और गैस की किल्लत की खबरों के बीच शामली जनपद के कांधला क्षेत्र के एलम कस्बे में स्थित प्रियंका गैस सर्विस पर स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। एजेंसी संचालक के अनुसार यहां गैस की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और गोदाम पर आने वाले सभी ग्राहकों को तुरंत गैस उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि कुछ ग्राहकों को गैस बुकिंग के दौरान ओटीपी मैसेज आने में हल्की दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

गैस लेने पहुंचे ग्राहक धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि जब से यह गैस एजेंसी उनके क्षेत्र में शुरू हुई है, तब से उन्हें गैस को लेकर कभी किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने बताया कि उन्होंने आज ही गैस बुक कराई थी और उसी दिन उन्हें सिलेंडर मिल गया। उनका कहना था कि दिक्कतें आमतौर पर वहीं होती हैं जहां कालाबाजारी होती है, जबकि यहां काम पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है।

एक अन्य ग्राहक अर्जेंद्र पंवार ने बताया कि उनकी पर्ची कटने में केवल दस मिनट का समय लगा और इसके तुरंत बाद वे गोदाम से सिलेंडर लेकर घर लौट आए। उन्होंने कहा कि एजेंसी पर किसी प्रकार की भीड़ नहीं थी और आते ही उन्हें गैस सिलेंडर मिल गया। अर्जेंद्र ने यह भी आशंका जताई कि जहां लंबी-लंबी लाइनें लगती हैं, वहां गैस की कालाबाजारी होने की संभावना बढ़ जाती है।

प्रियंका गैस एजेंसी के संचालक अजय पवार ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी एजेंसी को संचालित होते हुए करीब 21 वर्ष हो चुके हैं और इस दौरान कभी भी ग्राहकों को गैस को लेकर परेशान नहीं होना पड़ा। उन्होंने बताया कि आज सुबह भी उनके गोदाम में लगभग 900 गैस सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद था और फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है। एजेंसी पर आज तक किसी प्रकार की गैस क्राइसिस की स्थिति नहीं बनी है और ग्राहकों को सेम-डे डिलीवरी की सुविधा दी जाती है।

अजय पवार ने बताया कि जो लोग गैस की किल्लत को लेकर अफवाहें फैला रहे हैं, वह पूरी तरह गलत हैं। सरकार और गैस कंपनियों की ओर से गैस आपूर्ति को लेकर मजबूत प्रबंधन किया गया है और एजेंसी को जितनी गैस की मांग की जाती है, उतनी ही सप्लाई कंपनी द्वारा उपलब्ध करा दी जाती है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को केवल गैस बुकिंग के समय ओटीपी आने में थोड़ी बहुत परेशानी हो रही है, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में पहले इस तरह की डिजिटल प्रक्रिया का ज्यादा उपयोग नहीं किया जाता था।

एजेंसी संचालक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं। गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी ग्राहकों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सरकार और गैस कंपनी द्वारा किए गए बेहतर प्रबंधन की भी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!