
नमाज से लौट रहे युवक पर बेल्ट से हमला मचा हड़कंप वारदात सीसीटीवी में कैद
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल में नमाज अदा कर घर लौट रहे एक युवक के साथ दबंगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते में रोककर कुछ युवकों ने युवक को घेर लिया और बेल्ट से बेरहमी से पिटाई कर दी। अचानक हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।जानकारी के अनुसार मोहल्ला निवासी शमशेर का बेटा अजहर नमाज अदा कर अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि पहले उसके साथ कहासुनी की गई और फिर उसे घेरकर बेल्ट से जमकर मारपीट की गई। युवक को बचाने के लिए आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो गए।घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में आक्रोश देखने को मिला। मारपीट की यह पूरी वारदात पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।परिजनों ने घायल अजहर को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई और मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
…
“पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।” थाना कांधला प्रभारी निरीक्षक, सतीश कुमार