गैस सिलेंडर के लिए गोदाम पर जुटी भीड़, उपभोक्ताओं को करना पड़ा लंबा इंतजार

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। कस्बे के गैस गोदाम पर शुक्रवार को गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही लोग अपने खाली सिलेंडर लेकर गोदाम मे पहुंचने लगे, जिसके चलते देखते ही देखते गोदाम परिसर और उसके बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई लोगों को घंटों तक लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा, जिससे उपभोक्ताओं में काफी नाराजगी भी देखने को मिली।कस्बे के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए गोदाम पहुंच गए। भीड़ इतनी अधिक हो गई कि गोदाम के बाहर तक लोगो की लाइन लग गई। कई लोग अपने दोपहिया वाहनों पर सिलेंडर लादकर पहुंचे और धूप में खड़े होकर घंटों इंतजार करते नजर आए। महिलाओं और बुजुर्गों को भी लाइन में खड़ा देखा गया

लोगों का कहना था कि घरों में गैस खत्म होने के कारण उन्हें मजबूरी में गोदाम पर आकर लाइन में लगना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुकिंग कराने के बावजूद समय पर सिलेंडर घर तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिसके कारण उन्हें खुद गोदाम आकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है।वहीं क्षेत्र के गांव जसाला निवासी सतीश कुमार ने बताया कि समय पर गैस वितरण शुरू न होने और ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति न होने के कारण गोदाम पर उपभोक्ताओं की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने बताया कि गोदाम में गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं, लेकिन समय पर उपभोक्ताओं के घरों तक गैस सिलेंडर नहीं पहुंचने के कारण लोगों में चिंता और असमंजस का माहौल बना हुआ है। इसी वजह से कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों से लोग सीधे गैस गोदाम पहुंच रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप वहां लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।गैस गोदाम पर उमड़ी भीड़ के कारण कई बार अव्यवस्था की स्थिति भी बनती दिखाई दी। उपभोक्ताओं को अपनी बारी के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कुछ लोगों ने व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि गैस एजेंसी द्वारा समय पर घर-घर सिलेंडर की आपूर्ति की जाए और वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए तो लोगों को इस तरह घंटों लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा।शुक्रवार को गैस गोदाम मे कस्बे व ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग अपने खाली सिलेंडर लेकर कतार में खड़े दिखाई दिए। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू किया जाए ताकि आम लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। कई लोगों ने संबंधित विभाग और गैस एजेंसी से मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने और गैस की आपूर्ति नियमित रूप से घर-घर तक पहुंचाई जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!