साढ़े दस बीघा तालाब भूमि पर पार्क बनाने की जनहित में उठी मांग तालाब भूमि पर कब्जों को हटाकर पार्क बनाकर विवाद खत्म किया जाए डॉ. जुनेद अख़्तर

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के मोहल्ला मौलानान स्थित लगभग साढ़े दस बीघा तालाब की भूमि को लेकर एक बार फिर जनहित में आवाज़ बुलंद हो गई है। क्षेत्र के निवासी एवं वाद संख्या 326/14 के मुख्य वादी डॉ. जुनेद अख़्तर ने नगर पालिका परिषद कांधला से मांग की है कि तालाब की इस महत्वपूर्ण भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर यहां एक भव्य सार्वजनिक पार्क का निर्माण कराया जाए, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिल सके।जानकारी के अनुसार मोहल्ला मौलानान स्थित तालाब भूमि संख्या 2626/2/3/4 जिसका रकबा लगभग 10.5 बीघा बताया जाता है, लंबे समय से विवादों में घिरी हुई है। इस भूमि को लेकर सीनियर डिवीजन न्यायालय कैराना में वाद संख्या 326/14 विचाराधीन है और न्यायालय द्वारा इस मामले में स्टे ऑर्डर भी जारी किए जा चुके हैं।

बताया जाता है कि राजस्व अभिलेखों में यह भूमि नगर पालिका परिषद कांधला की संपत्ति के रूप में दर्ज है, लेकिन वर्षों से यह भूमि विवादों और कब्जों के कारण चर्चा में बनी हुई है।डॉ जुनेद अख्तर का कहना है कि तालाब की इस भूमि पर धीरे-धीरे अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। यदि समय रहते इस पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में यह महत्वपूर्ण सार्वजनिक भूमि पूरी तरह समाप्त होने का खतरा भी पैदा हो सकता है। कहना है कि नगर पालिका परिषद को इस मामले में आगे आकर अपनी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए मुख्य वादी डॉ. जुनेद अख़्तर का कहना है कि यदि नगर पालिका परिषद इस भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर यहां पार्क का निर्माण कराती है तो वर्षों से चला आ रहा तालाब भूमि का विवाद भी स्थायी रूप से समाप्त हो सकता है।उन्होंने कहा कि पार्क बनने से इस भूमि पर नगर पालिका का स्थायी कब्जा स्थापित हो जाएगा, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे की संभावना भी समाप्त हो जाएगी।स्थानीय लोगों के अनुसार खाली पड़ी इस भूमि पर कई स्थानों पर कूड़ा-कचरा डाला जाता है, जिससे आसपास के लोगों को बदबू और गंदगी का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में पानी भरने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है और बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।

*हरियाली और स्वच्छ वातावरण की उम्मीद*

यदि यहां एक सुंदर और व्यवस्थित पार्क का निर्माण होता है तो पूरे क्षेत्र का वातावरण बदल सकता है। बच्चों को खेलने के लिए सुरक्षित स्थान मिलेगा और बुजुर्गों को सुबह-शाम टहलने के लिए बेहतर जगह उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही पूरे इलाके में हरियाली बढ़ने से स्वच्छ वातावरण का लाभ भी मिलेगा।

सामाजिक गतिविधियों का भी बन सकता है केंद्र

क्षेत्रवासियों का कहना है कि पार्क बनने के बाद यह स्थान सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों का भी केंद्र बन सकता है। यहां खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और छोटे सामाजिक समारोह भी आयोजित किए जा सकते हैं मुख्य वादी डॉ. जुनेद अख़्तर ने नगर पालिका परिषद कांधला से अपील की है कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तालाब की इस भूमि को सुरक्षित कर अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए और यहां जल्द से जल्द पार्क निर्माण की योजना लागू की जाए, ताकि कस्बे को एक स्वच्छ, सुंदर और उपयोगी सार्वजनिक स्थल मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!