
बेखौफ चोरों ने मचाया आतंक, सात किसानों के नलकूप खंगालकर पुलिस को दी चुनौती
* बिजली के उपकरण समेत कीमती सामान चोरी, किसानों ने पुलिस से की शिकायत; चोरों की करतूत से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब किसानों के खेत भी सुरक्षित नजर नहीं आ रहे हैं। चोरों ने कस्बा एलम में एक साथ सात किसानों के नलकूपों को निशाना बनाकर बिजली के उपकरणों समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। मंगलवार रात हुई चोरी की इन वारदातों का बुधवार को पता चला तो किसानों में हड़कंप मच गया। एक ही रात में सात नलकूपों पर चोरी की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, कस्बा एलम निवासी किसान दीपा पंवार, कृष्णा, विजय, उपेंद्र, प्रवेश, ओमपाल और विनोद ने अपनी फसलों की सिंचाई के लिए खेतों में नलकूप लगा रखे हैं। आरोप है कि मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने सुनसान खेतों का फायदा उठाते हुए सातों नलकूपों को निशाना बनाया और वहां लगे बिजली के उपकरणों समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
बुधवार को जब किसानों को नलकूपों पर चोरी होने की जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। एक साथ सात किसानों के नलकूपों से सामान गायब मिलने पर क्षेत्र में खलबली मच गई। किसानों के सामने अब फसलों की सिंचाई को लेकर भी परेशानी खड़ी होने की आशंका है। खेती-किसानी पहले ही तमाम मुश्किलों से जूझ रही है, ऐसे में चोरी की घटनाओं ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।
खेतों में भी सुरक्षित नहीं किसानों का सामान!
नलकूपों पर लगे बिजली के उपकरण किसानों के लिए बेहद जरूरी होते हैं। इनके चोरी होने से आर्थिक नुकसान के साथ सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। किसानों का कहना है कि खेतों में नलकूप सुनसान जगहों पर होने के कारण चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से किसानों में नाराजगी है।
एक ही रात में सात नलकूपों पर चोरी की वारदात सामने आने के बाद पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती है। पीड़ित किसानों ने पुलिस से शिकायत कर घटनाओं का जल्द खुलासा करने और चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। अब देखना यह है कि पुलिस इन वारदातों का खुलासा कर किसानों को राहत दिला पाती है या चोरों के हौसले यूं ही बुलंद बने रहते हैं।