महिला दिवस पर सफाई मित्र सुरक्षा शिविर, महिला कर्मियों को किया गया सम्मानित

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। नगर पालिका परिषद कांधला में बृहस्पतिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के अंतर्गत सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई कर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और उनके सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी द्वारा महिला सफाई मित्रों को पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया गया तथा उन्हें उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी ने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके अथक परिश्रम और समर्पण के कारण ही नगर में स्वच्छता व्यवस्था सुचारु रूप से चलती है।

उन्होंने महिला सफाई कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। नगर पालिका परिषद द्वारा समय-समय पर सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा।

इस दौरान सफाई मित्रों को सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और स्वच्छता के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नगर पालिका के कर्मचारीगण तथा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। अंत में महिला सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की गई।

error: Content is protected !!