
महिला पुलिस ने महिलाओं को अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कांधला में पुलिस द्वारा ‘मिशन शक्ति’ अभियान चलाया गया। इस अभियान का संचालन कांधला थाने में तैनात महिला कांस्टेबल रूबी और पूजा द्वारा किया गया।
अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दिल्ली बस अड्डा, मयूर तिराहा तथा आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं को कानून द्वारा दिए गए अधिकारों, महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।
महिला कांस्टेबलों ने महिलाओं को बताया कि यदि किसी भी प्रकार का उत्पीड़न, हिंसा या गलत व्यवहार का सामना करना पड़े तो वे बिना किसी डर के तुरंत पुलिस से संपर्क करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और समाज में होने वाली गलत घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस जागरूकता अभियान में क्षेत्र की कई महिलाओं और बालिकाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया तथा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस प्रयास की सराहना की। अभियान के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।