नशे में भिड़े दो पक्ष जमकर चली लाठियां-डंडे, वीडियो वायरल

 

सादिक सिद्दीकी

कांधला कस्बे के मोहल्ला रायजादगान में शराब का नशा ऐसा चढ़ा कि मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। नशे में धुत युवकों के बीच शुरू हुई बहस अचानक उग्र हो गई और दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर सड़क पर आमने-सामने आ गए। कुछ ही पलों में पूरा इलाका मारपीट और हंगामे से गूंज उठा और सड़क पर मानो अखाड़ा सा बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले शराब के नशे में कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। माहौल इतना गरमा गया कि दोनों पक्षों के लोग भी मौके पर पहुंच गए और फिर लाठी-डंडे चलने लगे। अचानक हुए इस बवाल से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

मारपीट के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक हाथों में डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं और सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बनी हुई है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा जोरों पर है।

मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस को एक पीड़ित युवती की ओर से लिखित तहरीर मिल गई है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!