
राम कथा में बरसी भक्ति की अमृत वर्षा, आजाद नगर शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
प्राचीन शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सागर, राम कथा ज्ञान यज्ञ में श्रीराम जन्म लीला सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
*
सादिक सिद्दीक़ी,
कांधला। कस्बे के एलम स्थित आजाद नगर में बने प्राचीन शिव मंदिर में इन दिनों भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर में आयोजित राम कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा क्षेत्र राममय हो उठा है। जहां भक्ति का सागर उमड़ता है, वहां साक्षात भगवान का वास माना जाता है और कुछ ऐसा ही नजारा इन दिनों मंदिर परिसर में देखने को मिल रहा है।
राम कथा ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कथा व्यास निखिल जी महाराज ने अपने ओजस्वी और भावपूर्ण प्रवचन में भगवान श्रीराम के जन्म की दिव्य एवं मनमोहक लीला का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि प्रभु श्रीराम का जन्म अयोध्या नगरी में राजा दशरथ के यहां हुआ था और अपने आदर्शों, मर्यादा और धर्म पालन के कारण वे मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए। कथा के दौरान जैसे ही राम जन्म की पावन कथा का वर्णन हुआ, मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
कथा के दौरान भजन-कीर्तन का सिलसिला भी लगातार चलता रहा, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर कथा श्रवण करते नजर आए। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
इस पावन आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और भक्तों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में राजेंद्र ओमवीर, राजकुमार, अनिल पवार, नितिन पवार, अरुण पंवार सहित दर्जनों श्रद्धालु उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि राम कथा ज्ञान यज्ञ का यह आयोजन क्षेत्र के लोगों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक जागरूकता का प्रेरणास्रोत बन रहा है।