आवारा कुत्तों का कहर, मासूम बच्ची सहित कई लोग बने शिकार

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। गलियों और मोहल्लों में घूम रहे आवारा कुत्ते अब लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। हालात यह हैं कि 10 वर्षीय मासूम बच्ची सहित करीब दर्जनभर लोग कुत्तों के हमले में घायल हो चुके हैं। घायलों को उपचार के लिए कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को एंटी-रेबीज के इंजेक्शन लगाकर उपचार किया।

ताजा मामला गांव हरिया खेड़ा का है, जहां दीपक कुमार नामक युवक पर अचानक एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया और उसे बुरी तरह काट लिया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और घायल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

इसके अलावा आवारा कुत्तों के हमलों में कांधला के रामनगर निवासी इंद्रपाल, गांव किवाना के ओमप्रकाश, कस्बे की 10 वर्षीय बच्ची जिया तथा गांव गढ़ी मियां निवासी रामकुमार भी घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर एंटी-रेबीज के इंजेक्शन लगाए।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य है। उधर लगातार बढ़ रहे कुत्तों के हमलों से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि सड़कों और गलियों में घूम रहे आवारा कुत्ते किसी भी समय हमला कर देते हैं, जिससे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा खतरे में हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़वाने और इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि आए दिन होने वाली इन घटनाओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!