55 फीट का रावण धू-धू कर जला, हजारों लोगों ने देखा विजयदशमी का भव्य नजारा

 

 

सादिक सिद्दीक़ी

 कांधला कस्बे में विजयदशमी का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। वहीं, कैराना रोड स्थित रामलीला मैदान में 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन देखने के लिए कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

श्री रामलीला कमेटी मंडप पंचवटी रजिस्टर्ड की ओर से विजयदशमी पर्व पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम और रावण के युद्ध, महिषासुर मर्दिनी, राधा-कृष्ण तथा मां दुर्गा सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। झांकियों को देखने के लिए नगर के प्रमुख मार्गों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग विजयदशमी की शोभायात्रा और रामलीला मंचन देखने के लिए कांधला पहुंचे।

शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई कैराना रोड स्थित रामलीला मैदान पहुंची। यहां रावण दहन कार्यक्रम को लेकर लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मैदान में रावण दहन देखने के लिए महिला, पुरुषों और बच्चों की भारी भीड़ जुटी रही। जैसे ही भगवान श्रीराम के स्वरूप ने अग्निबाण चलाकर 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया, पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। रावण के पुतले में आग लगते ही लोगों ने जयकारे लगाए और विजयदशमी पर्व की खुशियां मनाईं। इस दौरान रामलीला मैदान में देर तक लोगों की भीड़ मौजूद रही।

विजयदशमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नगर में शोभायात्रा के मार्गों से लेकर रामलीला मैदान तक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और तीन पीएसी कैंप तैनात रहे। थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि दशहरा पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 इंस्पेक्टर, 100 कांस्टेबल और 50 होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई थी। पुलिसकर्मियों ने पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

कार्यक्रम के दौरान श्री रामलीला कमेटी मंडप पंचवटी के अध्यक्ष श्याम कुमार सिंघल, प्रबंधक लोकेश गोयल, रोहित गुप्ता, रामकुमार सिंघल, धनप्रकाश गोयल, तरुण अग्रवाल, गौरव पाराशर, सचिन शर्मा, मेहर चंद, अशोक माहेश्वरी, सिद्धार्थ जैन, निखिल माहेश्वरी, अंकुर गोयल और शिवम गोयल सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी के सहयोग से विजयदशमी पर्व का आयोजन धूमधाम के साथ संपन्न हुआ।

error: Content is protected !!